भिंड:कोरोना वायरस के खतरे के बीच मध्य प्रदेश में एक और मुसीबत ने दस्तक दे दी है। राज्य में मुर्गे-मुर्गियों में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो गई है। गत सोमवार को प्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव में अचानक ही मुर्गे-मुर्गियों की मौत हो गई थी। पशु चिकित्सा विभाग ने मृत मुर्गे का पोस्टमार्टम कर विसरा जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेजा था।
भोपाल से बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग ने मुर्गे-मुर्गियों के मांस खाने, बेचने पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है। साथ ही लोगों से कहा है कि वे अंडों का भी सेवन नहीं करें।
मेहगांव में अचानक मुर्गे-मुर्गियों की मौत हो गई थी। चिकन व्यापारियों ने मरे हुए मुर्गे-मुर्गियों को बेचने के लिए अपनी दुकानों में रख लिया था लेकिन दुर्गध आने के बाद स्थानीय लोगों ने आपत्ति की थी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग के सहयोग से 200 से ज्यादा मृत मुर्गे-मुर्गियों को जब्त कर नष्ट कराया था। पशु चिकित्सकों ने मुर्गे का पोस्टमार्टम कर जांच के लिए विसरा भोपाल लैब भेजा था। भोपाल से आई रिपोर्ट में मौत का कारण बर्ड फ्लू बताया गया है।